महोबा। चार बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला घर में रखी नकदी व जेवर भी ले गई। पति ने चारों बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक की चौखट पहुंच पूरा मामला बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली कुलपहाड़ के एक गांव निवासी महिला चार जून को अस्पताल में इलाज कराने की बात कहकर घर से निकली थी। महिला अपने साथ घर पर रखी 70 हजार की नकदी के अलावा सोने-चांदी के जेवर लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। मासूम बच्चे अपनी मां के इंतजार में बिलख रहे हैं। पिता गुरुवार को सभी बच्चों को लेकर पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता की चौखट पर पहुंचा और पूरा मामला बताया। पीड़ित ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई और नकदी व जेवर वापस दिलाए जाने की मांग की है। बच्चों ने बताया कि मां गर्दन में दर्द की शिकायत होने की बात कहकर अस्पताल से कुछ देर में लौटने को कह रही थी लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी नहीं आई। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।