कबरई (महोबा)। मानव कल्याण सेवा समिति इंटर कालेज नहदौरा में चल रहे 26वें जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतिभागी छात्रों ने खासा दमखम दिखाया। इस दौरान ऊंची कूद में मोहित तो गोला फेंक अंजना ने बाजी मारी।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ बुंदेली राई व दिवारी नृत्य से हुआ। जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन सीनियर बालक वर्ग की एक हजार मीटर दौड़ में चरखारी जोन के छात्र सतीश ने बाजी मारी। सीनियर बालिका वर्ग में महोबा जोन की छात्रा संध्या पहले स्थान पर रहीं। लंबी कूद में कुलपहाड़ की रिया व महोबा के अजेंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
गोलाफेंक में महोबा के प्रिंस व कबरई की अंजना ने बाजी मारी। सीनियर बालक वर्ग की ऊंची कूद में महोबा के मोहित तो सीनियर बालिका वर्ग में महोबा की रेशमी ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्रीनगर के महेश ने तवाफेंक, भाला फेंक व हैमर थ्रो में प्रथम स्थान हासिल किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, डीआईओएस गिरधारीलाल कोली, जिला क्रीड़ा प्रभारी नंदराम यादव, जयवंत सिंह, कल्याण सिंह, बालकिशोर द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य तेजप्रकाश शिवहरे, प्रधानाचार्य सियाराम द्विवेदी, ओंकार नाथ त्रिपाठी, क्रीड़ा प्रभारी लेखराज आदि मौजूद रहे।