महोबा। प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रथम विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 22 से 28 जून तक किया जाएगा। इसमें लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव गांव जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि तेजी से बढ़ रहीं सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके।
प्रथम विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से सदर विधायक राकेश गोस्वामी व डीएम एके तिवारी ने तीन सड़क सुरक्षा प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि प्रचार वाहनों द्वारा सड़क पर सुरक्षित चलने संबंधी दिशा-निर्देशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे लोग जागरूक हों और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। उन्होंने नशे की हालत में कतई वाहन न चलाने की अपील की। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन अजय कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 23 जून को हेलमेट व सीट बेल्ट जागरूकता अभियान, 24 को स्कूली छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा के बारे में ऑनलाइन जानकारी, 25 को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, 26 को रोडवेज बस स्टैंड में चालकों, परिचालकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम, 27 को व्यवसायिक चालकों को ड्राइविंग ट्रेनिंग व 28 जून को ओवरलोडिंग और रिफलेक्टिव टेप की चेकिंग की जाएगी। इस मौके पर एआरटीओ प्रशासन सुरेश कुमार वर्मा, रोहित कुमार सिंह, आरके सिंह, शरद तिवारी, रामजी गुप्ता, ट्रक यूनियन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, राजेंद्र सोनी आदि मौजूद रहे।