महोबा। जिला खनिज अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने खनिज अधिकारी पर कई शहरों में काली कमाई से संपत्ति बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत का संज्ञान लेकर लोकायुक्त ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से रिपोर्ट तलब की है।
शिकायतकर्ता जनपद प्रयागराज निवासी राससेवक सिंह ने जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह पर आय से अधिक संपत्ति बनाकर कई शहरों में संपत्ति बनाने का आरोप लगाते हुए लोकायुक्त से शिकायत की है। इसको लेकर लोकायुक्त ने जिलाधिकारी से संपत्तियों का ब्योरा तलब किया है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच के लिए बनाई गई कमेटी में जिला कोषाधिकारी व सीओ सिटी भी शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर खनिज अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है।
यूपी के साथ मध्य प्रदेश में भी फैला है जाल
शिकायतकर्ता के अनुसार खनिज अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर उत्तर प्रदेश ही नहीं मध्य प्रदेश में भी संपत्तियां खरीदी हैं। जिसमें कटनी, सतना, रीवा में संपत्ति हैं। लखनऊ के गोमती नगर और आशियना कालोनी में इनकी संपत्ति है। वहीं चित्रकूट में एक क्रेशर चलने का आरोप लगाया है।