श्रीनगर महोबा। शार्ट सर्किट से उठी बिजली की चिंगारी से एक मकान में आग लग गई, जिससे गृहस्थी के अलावा अन्य सामान जलकर राख हो गया। रात्रि 11 बजे हुई आगजनी की घटना से कोहराम मच गया। सूचना पर एक घंटे बाद पहुंची दमकल टीम से पहले ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। आग की घटना से करीब दो लाख से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
थाना श्रीनगर के कस्बा मनोहरगंज निवासी जीवनलाल कुशवाहा का परिवार रात्रि करीब दस बजे कमरे में टीवी चलती छोड़कर अन्य कमरे में सोने चले गए। टीवी के नजदीक रखे स्टेब्लाइजर में शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया। बगल के कमरे में सो रहे परिजन जब तक निकल कर बाहर आते तब तक आग की लपटों ने घर को आगोश में ले लिया। शोरगुल सुन कर पड़ोसी जागे। इस बीच भगवानदास के जुड़े मकान को भी आग की लपटों ने चपेट में ले लिया। जहां दस कुंतल मूंगफली, दो कुंतल चावल, 20 कुंतल महुआ और रखा वारदाना सहित मकान जल गया। गृहस्थी बचाने के प्रयास में गृहस्वामी भगवानदास भी झुलस गया।
एकत्र हुए ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना में करीब दो लाख से अधिक की संपत्ति जल गई है। तहसीलदार नन्हकू के निर्देश पर गुरुवार को लेखपाल ने क्षति का मौके पर पहुंचकर मूल्यांकन किया।