फोटो 13 एमएएचपी 08 परिचय-बम्हौरीकलां गांव की दलदलयुक्त सड़क में धान रोपती राष्ट्रीय कमांडर और म
महोबा/चरखारी। ब्लॉक चरखारी की ग्राम पंचायत बम्हौरीकलां गांव में कीचड़ व दलदलयुक्त सड़क देखकर गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल भड़क गईं। जलभराव से बदहाल रास्ते पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ धान रोपकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी प्रधान और प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है।
करीब चार हजार की आबादी वाले बम्हौरीकलां गांव में रास्ते कच्चे व कीचड़ से पटे हैं। ऐसे में ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संपत पाल बुंदेलखंड कमांडर फरीदा बेगम के साथ गांव में बैठक करने पहुंचीं थी। वह गांव के रास्ते की दुर्दशा देखकर भड़क उठीं। इस पर गुलाबी गैंग और स्थानीय महिलाओं ने विरोध जताया। महिलाओं ने रास्ते में भरे पानी और कीचड़ के बीच ही धान की रोपाई की। महिलाओं का कहना था कि जब आम रास्ते खेत की तरह दलदल बन चुके हैं तो क्यों न इनमें धान लगा दी जाए ताकि फसल उगने पर प्रशासन के लोग इसे काट सकें।
गांव की सन्नो व सुखनंदन ने बताया कि स्कूली बच्चे रोजाना कीचड़ में गिरकर गंदे हो जाते हैं। गांव में न तो एंबुलेंस आ पाती है और न ही कोई गाड़ी। इमरजेंसी या प्रसव के समय मरीज को चारपाई या गोद में लेकर जाना पड़ता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह पूरा इलाका दलदल व जहरीले जीवों का अड्डा बन चुका है। ग्राम प्रधान, सचिव व खंड विकास अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। संगठन की बुंदेलखंड कमांडर ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो गुलाबी गैंग ग्रामीणों के साथ मिलकर सीधे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। खंड विकास अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि सड़क खराब होने की जानकारी मिली है। सर्वे कराकर जल्द निर्माण कराया जाएगा।