महोबा। जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता एवं एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुई। बैठक में होली का त्योहार, शब-ए-बरात, गुड फ्राइडे व पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने पर चर्चा हुई। डीएम ने होली पर बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चिंह्ति स्थानों पर होलिका दहन करने के लिए कहा।
बैठक में डीएम ने सभी थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक कराने व होलिका दहन स्थल का निरीक्षण तथा चुनाव के मद्देनजर शस्त्र जमा कराने संबंधी जानकारी ली। समाजसेवी दाऊ तिवारी ने मिलकीपुरा में हैंडपंप खराब होने तथा जलापूर्ति न होने से पानी की परेशानी के बारे में अवगत कराया।
डीएम ने सभी नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को होलिका दहन का स्थान, शब-ए-बरात का स्थान व चर्च के स्थानों की साफ-सफाई व शहरी क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने, विद्युत विभाग को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 28 मार्च को होलिका दहन की रात में किसी भी तरह की विद्युत कटौती न किए जाने तथा जल संस्थान को ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के हैंडपंप व पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से कराने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है। होलिका दहन के प्वाइंट पर रंग खेलने तक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
बैठक में एडीएम आरएस वर्मा, एएसपी आरके गौतम, एसडीएम सदर सौरभ पांडेय, सीओ सदर रामप्रवेश राय, खाजियाना कमेटी के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, शहर काजी सैयद आफाक हुसैन, समाजसेवी विपिन त्रिपाठी, रामकुमार सोनी, रामजी गुप्ता, सेवक नंदवानी आदि मौजूद रहे।