चरखारी (महोबा)। संपूर्ण समाधान दिवस में मंगलवार को चरखारी, महोबा व कुलपहाड़ तहसील में 69 शिकायतें आईं। इसमें मात्र छह शिकायतों का निस्तारण हुआ। बाकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में चरखारी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 30 फरियादी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इसमें दो का निस्तारण हुआ। इस दौरान पेयजल समस्या का मुद्दा प्रमुखता से गूंजा।
कस्बा चरखारी के रायनपुर, चिंतेपुरा, हटवारा, छोटा रमना गांव के लोगों ने बताया कि जल संस्थान की लापरवाही से 15 दिन से पानी नहीं आ रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। तिसौनी गांव के लोगों ने गांव में बूथ बनवाने की मांग की। उन्हें वोट डालने के लिए दस किमी दूर स्थित बूथ पर जाना पड़ता है। कस्बे के लोगों ने खंदिया से रूपनगर तक जाने वाले मार्ग से अतिक्रमण हटाकर सीसी सड़क व नाला का निर्माण कराए जाने की मांग की।
विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि जतौरा गांव की गोशाला में गोवंशों की मौत हो रही है। गोशालाओं में भूसा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने गोशालाओं में चारा, भूसा व पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को समयसीमा के अंदर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। उधर, महोबा व कुलपहाड़ तहसील में समाधान दिवस में 39 शिकायतें आईं। इसमें महज चार का ही निस्तारण हो सका।