महोबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व होली पर्व को लेकर सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील गांवों का भ्रमण कर विवादों को चिन्ह्ति कर कार्रवाई की जाए। अफवाह व अराजकता फैलाने वालों पर पैनी नजर रखें। यह बात एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार की रात पुलिस लाइन सभागार में हुई अपराध समीक्षा बैठक में कही।
एसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी गांव-गांव जाकर पूर्व व वर्तमान प्रधानों के मध्य विवादों का चिन्हिनीकरण कर कार्रवाई करें। उन्होंने शराब ठेकों की चेकिंग कर अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाने और होलिकादहन की सूची अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार को लेकर ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन किया जाए।
बैठक में थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपराधियों पर गुंडा एक्ट व गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। साथ ही लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण कराया जाए। बैठक में एएसपी आरके गौतम, सीओ सिटी रामप्रवेश राय, सीओ चरखारी उमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।
अपराध समीक्षा बैठक के बाद सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ने समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस कर्मियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क, सैनिटाइजर व अन्य सामग्री वितरित की गई।