पत्रकारों से बातचीत करते नवागत एसपी मणिलाल पाटीदार
- फोटो : MAHOBA
महोबा। नवागत पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार ने कहा कि कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया जाएगा। अवैध खनन पर हर हालत में लगाम लगाई जाएगी। कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यभार ग्रहण करने के बाद रविवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ सामग्री पोस्ट न करने की बात कही। उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी भ्रामक गलत खबर का प्रकाशन न करें। उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए रात में भी पुलिस टीम गश्त के लिए लगाई जाएंगी।
एसपी ने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। जिससे जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने अयोध्या प्रकरण के आने वाले निर्णय के बावत सभी से सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, सीओ जटाशंकर राव मौजूद रहे।