कबरई (महोबा)। थाना कबरई के मकबरई गांव में एक विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए बेटी को मार डालने व हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद छतरपुर के थाना सरबई के खड़ेहा गांव निवासी देवीदीन श्रीवास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी क्रांति (20) की शादी 25 मई 2025 को मकरबई निवासी हरिशंकर श्रीवास से की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। बावजूद इसके ससुरालीजन उसकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई लेकिन उसकी बेटी के साथ प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
आरोप लगाया कि को दहेज की मांग पूरी न होने पर पति हरिशंकर, सास लीला देवी, ससुर बाबूलाल व देवर किशन ने मिलकर उसकी बेटी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। घटना को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।