फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: धनतेरस को लेकर सजा बाजार, 25 करोड़ के कारोबार की आस

Sat, 18 Oct 2025 01:11 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
फोटो 17 एमएएचपी 11 परिचय-लक्ष्मी बजाज एजेंसी में धनतेरस को लेकर बिक्री के लिए खड़ी बाइकें। संवा
विज्ञापन
महोबा। पांच दिन तक चलने वाले रोशनी के पर्व दिवाली की शुरुआत शनिवार को धनतेरस के साथ होगी। धनतेरस को लेकर बाजार सजकर तैयार हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफरों की भरमार है। जीएसटी में कमी और ग्राहकों के उत्साह को देखते हुए इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा में दोगुने कारोबार की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक समेत अन्य बाजारोंं में इस बार धनतेरस पर 25 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर कोई कुछ न कुछ खरीदकर शगुन मनाएगा।
विज्ञापन

धनतेरस को लेकर बर्तन बाजार, साज-सज्जा, इलेक्ट्रॉनिक दुकानें, सराफा, ऑटोमोबाइल, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां समेत विभिन्न दुकानों में भारी स्टॉक किया गया है। कोई स्टील और पीतल के बर्तन खरीदेगा तो कोई चांदी के सिक्के खरीदकर पर्व मनाएगा। ऑटोमोबाइल में जहां इलेक्ट्रॉनिक बाइकें लोगों को लुभा रही हैं। वहीं, कार शोरूमों में दस लाख तक की रेंज की कारें बुक की गई हैं। जीएसटी कम होने से बाइकों में दस हजार रुपये तक की बचत हो रही है। धनतेरस को लेकर जिले की 10 से अधिक बाइक एजेंसियों में 500 से अधिक बाइकों और 20 से अधिक चार पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है।
राघव होंडा के प्रोपराइटर विशाल बोहरा ने बताया कि उनकी एजेंसी में 50 बाइकोंं की बुकिंग हो चुकी है। स्कूटी की डिमांड सबसे ज्यादा है। प्रत्येक बाइक की खरीद पर निश्चित उपहार दिया जा रहा है। धनतेरस व दिवाली पर अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। जेपी ज्वैलर्स के प्रोपराइटर जागेश्वर सोनी ने बताया कि सोना-चांदी महंगा होने से इस बार सोने के सिक्के एक ग्राम से लेकर 10 ग्राम तक हैं। इसी तरह चांदी के सिक्के पांच, दस और 20 ग्राम के उपलब्ध हैं। जो ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।
विज्ञापन

रिद्धि-सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर आवेश गुप्ता ने बताया कि एलईडी टीवी व एसी में जीएसटी घटने से लोगों में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। फ्रिज, कूलर और वॉशिंग मशीन की भी अच्छी डिमांड है। मां माया ऑटोमोबाइल्स के प्रोपराइटर ऋतुराज सिंह ने बताया कि अभी तक 15 ट्रैक्टर व पांच बैको लोडर की बुकिंग हो चुकी है। इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है। उधर, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भागीरथ नगायच का कहना है कि पिछले वर्ष धनतेरस पर करीब 12 करोड़ का कारोबार हुआ था। इस बार यह आंकड़ा दोगुना होने की उम्मीद है।


शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रहेगी पाबंदी
महोबा। धनतेरस और दिवाली को लेकर शहर में शनिवार से तीन दिन रूट डायवर्जन लागू रहेगा। एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि छजमनपुरा से मुख्य बाजार, ऊदल चौक व सराफा बाजार में तीन से चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कबरई से ओर से आने वाले बड़े वाहनों को हमीरपुर चुंगी के आगे शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। सुभाष चौक से रामकथा मार्ग पर चार पहिया वाहन व ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। झलकारी बाई तिराहा पर भारी वाहनों पर नो इंट्री रहेगी। सभी बड़े वाहन राठचुंगी, रामनगर तिराहा और पुलिस लाइन तिराहा मार्ग से गुजरेंगे।


धनतेरस पर शाम 5.30 बजे से रहेगा पूजा का शुभ मुहूर्त
महोबा। धनतेरस का पर्व 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पं. भरत त्रिपाठी ने बताया कि धनतेरस पर सोना-चांदी के अलावा वाहन, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, बर्तन, झाडू, साबुत धनिया समेत कई चीजों की खरीदारी शुभ मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन पीतल व चांदी के धातु से बनी चीजें खरीदने से कई गुना शुभ फलों की प्राप्ति होती है। धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त सुबह 8.50 से दोपहर 3.18 बजे तक है। इसके बाद पूजा का शुभ मुहूर्त 5.30 से आठ बजे तक है। इसी तरह दिवाली पर्व 20 अक्तूबर को मनाया जाएगा। जिसका शुभ मुहूर्त शाम सात बजकर आठ मिनट से रात 12 बजकर 36 मिनट तक है।

फोटो 17 एमएएचपी 11 परिचय-लक्ष्मी बजाज एजेंसी में धनतेरस को लेकर बिक्री के लिए खड़ी बाइकें। संवा

फोटो 17 एमएएचपी 11 परिचय-लक्ष्मी बजाज एजेंसी में धनतेरस को लेकर बिक्री के लिए खड़ी बाइकें। संवा

फोटो 17 एमएएचपी 11 परिचय-लक्ष्मी बजाज एजेंसी में धनतेरस को लेकर बिक्री के लिए खड़ी बाइकें। संवा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें