महोबा। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर मारबल शुगर किंग प्रजाति के तरबूज की फसल लहलहाएगी। कस्बा बेलाताल स्थित हाईटेक नर्सरी में मारबल शुगर किंग प्रजाति के तरबूज की पौध तैयार की गई है। यह पौध किसानों को मुहैया कराई जा रही है। आकार, गुणवत्ता व स्वाद में लाजवाब यह तरबूज एक अप्रैल के बाद बाजार में आ आएगा और गर्मियों में मारबल शुगर किंग प्रजाति का तरबूज बुंदेलों के जुबां पर मिठास घोलेगा।
उद्यान विभाग की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के परिसर में बुंदेलखंड की पहली हाईटेक नर्सरी तैयार कराई गई है। इस नर्सरी में हाईब्रिड तरीके से पौध तैयार किए जा रहे हैं। नर्सरी का तापमान पौधों की जरूरत के अनुकूल रखा जाता है। हाईटेक नर्सरी के माध्यम से एक लाख 23 हजार से ज्यादा पौधे महोबा, हमीरपुर, झांसी, बांदा व मध्यप्रदेश के नौगांव, हरपालपुर, मातौल आदि गांवों के किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। नर्सरी में इस समय तरबूज, टमाटर, बैंगन, तरोई, करेला, लौकी आदि के करीब 90 हजार पौधे वितरण के लिए तैयार हैं।
उद्यान विभाग की ओर से नर्सरी में मारबल शुगर किंग प्रजाति के तरबूज की 25 हजार से अधिक पौध तैयार की गई है। इस प्रजाति के तरबूज की खासियत है कि यह छोटा, चकमदार, मीठा और अंदर से गहरे लाल रंग का होता है। जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। किसानों की ओर से मारबल शुगर किंग प्रजाति के तरबूज के पौधों की मांग शुरू कर दी गई है। हाईटेक नर्सरी से पौध ले जाकर किसान इसे अपने खेतों में रोपेंगे। एक अप्रैल के बाद तरबूज की पैदावार शुरू हो जाएगी और तरबूज बाजार में आने लगेंगे। उद्यान निरीक्षक देवीचरण कुशवाहा ने बताया कि जिले में करीब 80 हेक्टेयर में तरबूज की पैदावार होती है। उधर, जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार का कहना है कि हाईटेक नर्सरी में तैयार पौध बुंदेलखंड के करीब 100 गांवों तक पहुंच गए हैं। नर्सरी में नई पौध भी तैयार है। जिसे लेने के लिए किसान आ रहे हैं।