कबरई (महोंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में देर रात मरीज दिखाने आए लोगों ने सही से चेकअप न करने का आरोप लगाकर एक डॉक्टर की पिटाई कर दी। आक्रोशित स्वास्थ्य कर्मियों ने दबंगों पर कार्रवाई न होने पर ओपीडी बंद करने की चेतावनी दी है।
सीएचसी कबरई में रविवार देर रात कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर के निवासी कुलदीप (30) को लेकर चार-पांच लोग गंभीर बीमारी बताकर इलाज के लिए 11.30 बजे के बाद आए थे। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. महेश सिंह ने मरीज को देखकर उसका चेकअप शुरू किया। तभी मरीज के साथ आए लोगों ने जल्दबाजी करने की बात कह डॉ. महेश सिंह की पिटाई कर दी और जमकर हंगामा काटा।
सीएचसी कर्मियों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही वह मरीज को लेकर भाग गए। डॉक्टर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वह मरीज को देखने पहुचे तो वहां मौजूद व्यक्तियों ने अभद्रता व गाली-गलौज शुरू कर दी। रोकने व बाहर जाने को कहने पर वह मारपीट पर आमादा हो गए।
अस्पताल के स्टाफ के दखल से वह किसी तरह से बच सके। डॉक्टर का कहना है कि अगर दबंगों की गिरफ्तारी न हुई तो डॉक्टर दहशत के कारण मरीज देखने से घबराएंगे। एसओ देवेंद्र शुक्ला का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मामले की जांच चल रही है।