फोटो 14 एमएएचपी 15 परिचय-विजेता ट्रॉफी के साथ खुशी जताते महोबा टीम के खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
- फोटो : 1
महोबा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का शुक्रवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। महोबा क्रिकेट क्लब ने फाइनल मुकाबले में प्रयागराज को 106 रनों से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की। शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करने वाले अमित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शहर के राठ रोड स्थित एमएमसीए ग्राउंड में महोबा क्रिकेट क्लब और प्रयागराज की टीम के बीच चल रही सीरीज के फाइनल मुकाबले में महोबा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए महोबा की टीम ने 38.3 ओवर में 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें बल्लेबाज अमित ने 83 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रयागराज की टीम की ओर से अस्मित सरोज ने तीन विकेट लिए। 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम शुरूआत से ही दबाव में दिखाई पड़ी। धीमी शुरुआत और बढ़ते आवश्यक रन रेट के चलते नियमित अंतराल में विकेट गिरते गए। प्रयागराज की टीम 34.5 ओवर में केवल 129 रन बनाकर ही ऑल आउट हो गई। इस तरह से महोबा क्रिकेट क्लब ने यह मैच 106 रन से जीतकर इस सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया। महोबा के गेंदबाज दीपांश और मुकेश ने दो-दो विकेट लिए। जिला क्रिकेट एसोसिएशन से सचिव आकाश गोस्वामी ने महोबा टीम के कप्तान हरीश पचौरी को विजेता ट्राॅफी सौंपी।