महोबा। बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। इस बार महोबा जिले में भी बीएड प्रवेश परीक्षा के केंद्र बनाए जाएंगे। इसको लेकर विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा एक जून को कराई जाएगी।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराए जाने की जिम्मेदारी लगातार तीसरी बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को सौंपी गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने ऑनलाइन बैठक कर स्पष्ट किया कि बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 70 जिलों के करीब 715 केंद्रों पर कराई जाएगी। 28 मई तक बीयू के दो-दो प्रतिनिधि परीक्षा सामग्री लेकर पहुंच जाएंगे और परीक्षा केंद्रों का जायजा लेंगे। पांच मई तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरे जाएंगे। पांच मई की रात को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों का डाटा स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र उन्हीं कॉलेज व विद्यालय को बनाया जाए, जिनकी छवि अच्छी हो और रास्ता सुगम हो। केंद्र शहर में ही बनाया जाए।