महोबा। कोविड-19 कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर चित्रकूट मंडल में महोबा अव्वल रहा है। इस पर मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने कोविड कमांड कंट्रोल रूप में बैठक कर अधिकारियों की प्रशंसा की। साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कहा कि आप लोगों की मेहनत से ही यह मुकाम हासिल हो सका है।
मंडलायुक्त ने कहा कि अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। हमें अब भी सतर्क रहना होगा और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी-अपनी न्याय पंचायतों से पांच अच्छे लोगों के नंबर अपने मोबाइल में अवश्य रखें। ग्राम के प्रधान, आशा, अध्यापक, एएनएम, पंचायत सचिव, लेखपाल सहित समस्त कर्मचारियों का वाट्सएप ग्रुप बनाएं और जो भी डायरेक्शन हो उसे ग्रुप के माध्यम से शेयर करें।
सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपनी-अपनी तहसीलों में स्वास्थ्य विभाग की एक-एक बिल्डिंग का निरीक्षण करें तथा इनकी मरम्मत के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर में जो सुधार करना हो, उसकी सूची बनाकर 31 मई तक डीएम को दें। डीएम ने बताया कि इस वर्ष 54 लाख पौधे रोपित किये जायेंगे। बैठक में एडीएम आरएस. वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, एसडीएम सदर मो. अवेश, एसडीएम कुलपहाड़ सुथान अब्दुल्ला, एसडीएम चरखारी सहित समस्त खंड विकास अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।