महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में किशोर समेत आठ लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
थाना महोबकंठ के टोलापांतर गांव निवासी तुलसीदास (54) शुक्रवार की सुबह किसी कार्य से कस्बा पनवाड़ी जा रहा था। तभी झांसी-मिर्जापुर हाईवे के समीप तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे तुलसीदास घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के बरातपहाड़ी गांव निवासी शिवराम की पुत्री शिवानी (07) घर के समीप सड़क किनारे लगे हैंडपंप से नहाकर लौट रही थी। तभी बाइक सवार ने मासूम को टक्कर मार दी। इसी तरह कस्बा भटीपुरा निवासी संतोष (55), गोविंदनगर निवासी उदयभान (24), खरेला निवासी गौसिया (20), प्रकाश बम्हौरी निवासी सोनू (13), खोनरिया निवासी सोनम (09) व सूपा निवासी राज (15) अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।