महोबा। शहर के छतरपुर रोड में नवनिर्मित प्राइवेट बस स्टैंड पर सवारियां भरने के विवाद में ऑटो चालक ने साथियों के साथ ई-रिक्शा चालक को अगवा कर ले गए। एकांत स्थान पर ले जाकर ई-रिक्शा चालक की लोहे की राड व लाठी-डंडों से मारपीट कर दी और बाद में मरणासन्न हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के सुभाषनगर निवासी सुरेंद्र राजपूत शुक्रवार की शाम बस स्टैंड में सवारियां भर रहा था। तभी ऑटो चालक व उसके साथी ऑटो में सवारियों को बैठाने की बात कहते हुए झगड़ने लगे। विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक का मोबाइल छीन लिया और मारपीट करते हुए ऑटो में डालकर अगवा कर ले गए। शहर के हवेली दरवाजा में युवक की लोहे की राड व लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और अचेत अवस्था में लवकुशनगर तिराहा के समीप सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
गंभीर हालत में ई-रिक्शा चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी किस्त जमा करने के लिए रिक्शा की डिग्गी में रखे तीस हजार रुपये भी लूट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ऑटो चालक लकी निवासी हवेेली दरवाजा व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अगवा कर मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।