महोबा। एक सप्ताह से मौसम का मिजाज आए दिन बदल रहा है। सोमवार को सुबह से तेज धूप निकली। शाम ढलते ही आसमान में बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे भीषण गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।
जिले में 28 मई को आई आंधी ने जमकर तबाही मचाई थी। दर्जनों की संख्या में पेड़ और 50 से अधिक पोल टूटने से बिजली का संकट पैदा हो गया था। इसके बाद भी आंधी व बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। सोमवार को सुबह से मौसम साफ रहा। दोपहर बाद तक आसमान से तेज धूप निकली। इससे लोग भीषण गर्मी व उमस से बिलबिलाते रहे। शाम को अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छाने के साथ ठंडी हवाएं चलने लगी।
कबरई, अजनर समेत कई गांवों में बूंदाबांदी के साथ हवाएं चलीं। हालांकि, आंधी व बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।