भू-माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
महोबा। लॉकडाउन का फायदा उठाकर भू-माफिया सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा जमा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रैपुराखुर्द में सामने आया है। जहां एक दबंग ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध तरीक से निर्माण कराकर कब्जा कर लिया। लेखपाल ने आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रैपुराखुर्द निवासी रतन सिंह पुत्र देवीसिंह ने ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर लिया और अवैध निर्माण करा लिया। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से की। रतन सिंह ने लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए सरकारी भूमि पर बाउंड्रीवाल करा ली। 15 दिन पहले सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने उक्त जमीन को ग्राम समाज की होने की बात कही तो दबंग ने कब्जा नही हटाया। रैपुराखुर्द के लेखपाल नरेंद्र कुमार ने सोमवार को शहर कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी रतन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की विवेचना कोतवाली के दरोगा राजबहादुर सिंह को सौंपी गई है।