महोबा। कोरोना महामारी के दौरान लोगों ने बाहर निकलते वक्त मास्क लगाया है या नहीं इसे देखने के लिए डीएम अवधेश कुमार तिवारी व एसपी मणिलाल पाटीदार खुद शहर में निकले। इस दौरान बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों के चालान कटवाएं। इधर पुलिस ने जिले में अभियान के तहत 102 लोगों के बिना मास्क लगाए व बाइक में दो लोगों के सवार होने पर चालान कर शमन शुल्क वसूला।
शहर में भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी ने सड़कों में बेवजह घूम रहे वाहन चालकों से पूछताछ की। डीएम ने पुलिसकर्मियों को लोगों को मास्क लगाकर बाहर निकलने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। मास्क न लगाने वालों पर जुर्माना ठोंकने को कहा। दुकानदारों को सामाजिक दूरी का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए। डीएम व एसपी ने शहर के परमानंद चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, इलाहाबाद बैंक के समीप व आल्हा चौक में अपने सामने बिना मास्क लगाए लोगों के चलान कराए। जिले की पुलिस ने 81 लोगों के चालान कर 12,200 रुपये शमन शुल्क वसूला। 21 वाहनों के ई-चालान किए गए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर ध्यान सिंह चौहान भी मौजूद रहे।