श्रीनगर (महोबा)। महानगरों से आ रहे प्रवासी मजदूरों को रोकना रविवार की रात पुलिस को महंगा पड़ गया। श्रमिकों ने यूपी-एमपी की कैमाहा सीमा पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और बैरियर में टक्कर मारते हुए ट्रक लेकर भाग निकले। वायरलेस पर सूचना प्रसारित होने पर पुलिस ने श्रीनगर थाने के सामने ट्रक को रोक लिया। इससे नाराज श्रमिकों ने ट्रक से उतरकर देर रात हंगामा शुरू कर दिया। अफसरों ने समझाने पर श्रमिक शांत हुए। पुलिस ने अभद्रता करने के आरोप में चालक समेत चार लोगों को हिरासत ले लिया। ट्रक को सीज कर दिया। दोपहर में पूछताछ के बाद तीन श्रमिकों को बस से गृह जनपद रोहतास भेज दिया गया।
गुजरात प्रांत के सूरत से बिहार के रोहतास जा रहे 54 श्रमिकों से भरा ट्रक रविवार देर रात करीब तीन बजे कैमाहा सीमा पर पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। इससे गुस्साए श्रमिकों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। फिर ट्रक लेकर आगे चले गए। इसकी सूचना वायरलेस पर प्रसारित हुई तो श्रीनगर थाने के सामने दो वाहन हाईवे पर आड़े-तिरछे लगाकर श्रीनगर पुलिस ने ट्रक रोक लिया। इससे गुस्साए श्रमिकों ने रात की तीन बजे में ही श्रीनगर थाने पर हंगामा किया। सूचना पर जिलेभर का पुलिस फोर्स बुला लिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक विनोद कुमार के अलावा रोहताश निवासी जितेंद्र, मुकेश सिंह और रंजीत शाहनी को हिरासत में ले लिया। तीन श्रमिकों को पूछताछ के बाद दोपहर को छोड़ दिया गया। जबकि, रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक विनोद को जेल भेज दिया।