महोबा। शहर के हॉटस्पॉट इलाके को पुलिस व प्रशासन ने मंगलवार को चारों तरफ से सील कर दिया है। इन इलाकों में अब परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर रोक लगा दी है। हॉटस्पॉट इलाके में पड़ने वाला जिला अस्पताल, अस्पताल की इमरजेंसी व मेडिकल स्टोरों की दुकानें भी नहीं खुलेंगी।
एक मई को जिला अस्पताल के दो कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने उनके घरों से तीन किलोमीटर तक हॉटस्पॉट इलाका घोषित कर दिया है। इसके बाद इन इलाकों में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। इससे इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। लोग कई-कई किलोमीटर का लंबा सफर तय करके अपने घर पहुंच रहे हैं। साथ ही इस एरिया में दुकानें तो दूर बैंक, डाकघर और मेडिकल स्टोर तक बंद कर दिए गए हैं। इससे ग्राहकों और तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।