महोबा। कोरोना महामारी को लेकर डीएम अवधेश कुमार तिवारी और एसपी मणिलाल पाटीदार ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। साथ ही आर्यावर्त ग्रामीण बैंक महोबकंठ व यूपी-एमपी सीमा बगरौनी का औचक निरीक्षण किया।
डीएम व एसपी ने भ्रमण के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने व लॉकडाउन के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने पुलिसकर्मियों को जिले की सभी सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने निर्देश दिए। साथ ही दूसरे प्रदेशों से गांव आने वाले लोगों की सूचना प्रधान, सचिव, लेखपाल, आशा व आंगनबाड़ी द्वारा तत्काल सीएमओ, कंट्रोल रूम, थाना, तहसील स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कहा कि बाहर से आने वाले व्यक्ति को गांव के स्कूल व पंचायत भवन आदि में क्वारंटाइन करें। तहसील व विकासखंड स्तर पर बनाए गए शेल्टर होम में पहुंचाएं। डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पैसा पहुंचाने के लिए जिले के 74 पोस्ट आफिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो गांव-गांव जाकर पैसे बांटने का कार्य कर रहे हैं।
इसके अलावा शहर में पांच पोस्टमैन इस कार्य में लगे हैं। इसलिए पैसा निकालने के लिए बैंकों में भीड़-भाड़ न करें। बल्कि पैसा प्राप्त करने के लिए अपने नजदीकी पोस्टमैन को मोबाइल फोन पर कॉल कर सकते हैं। डीएम ने सभी मेडिकल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि उनके यहां जो लोग दवा लेने आते हैं, उनमें से खांसी, जुकाम व बुखार से संबंधित मरीज के बारे में पूरी जानकारी का रिकार्ड बनाएं।