महोबा। वीकेंड लॉकडाउन के दौरान प्रशासन ने फल, दूध, सब्जी व किराना दुकानें खुलने का समय निर्धारित कर दिया है। मंगलवार को सुबह सात बजे से ही बाजार में भीड़ जुटी। निर्धारित समयसीमा 11 बजे के बाद भी कुछ दुकानों खुलीं रहीं। तब पुलिस ने लाठियां फटकार दुकानें बंद कराई। अधिकांश दुकानों के बाहर न तो स्वीकृति पत्र चस्पा दिखा और न ही रेट सूची।
शासन ने कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए वीकेंड लॉकडाउन लगाया है। इसका पालन कराने के लिए पुलिस सख्ती दिखा रही है। मंगलवार को शासन के निर्देशों के अनुसार सात से 11 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी गई थी। सुबह से ही खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच गए। भीड़ अधिक होने के चलते सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। कुछ दुकानदार 11 बजे के बाद भी दुकानें खोलकर बिक्री करते नजर आए। इस पर पुलिस ने लाठियां पटककर दुकानें बंद कराईं।
जिले में वीकेंड लॉकडाउन के दौरान एक मई से शराब की दुकानें बंद चल रही थीं। प्रशासन के आदेश पर मंगलवार से देशी, अंग्रेेजी व बीयर की दुकानें खोली गईं। दस दिन बाद दुकानें खुलने से शराब के शौकीनों की दुकानों में भीड़ जुटी रही। दोबारा दुकानें बंद होने के कब आदेश आ जाए इसकी आशंका में लोगों ने अधिक शराब खरीदी।
उधर, कोरोना कर्फ्यू व लॉकडाउन को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व आरएस वर्मा ने एएसपी, डीएसओ, एसओ आदि अधिकारियों के साथ महोबा शहर के बाजार का भ्रमण किया। समय सीमा के बाद भी कुछ दुकानें खुलीं मिली तो दुकानदारों को चेतावनी दी। तीन दुकानों का चालान भी काटा। साथ ही एडीएम ने कर्फ्यू संबंधी नियमों की अवहेलना करने की दशा में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। जिला प्रशासन ने दुकान खोलने के लिए गुलाबी रंग का पास जारी किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए आवश्यक वस्तुओं की रेट सूची दुकान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। कालाबाजारी व मुनाफा खोरी करते पाए जाने पर आपदा प्रबंधन एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की चेतावनी भी दी।