हनुमान मंदिर के बाहर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा पाठ करते हिंदू संगठन के कार्यकर्ता।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपियों की गिफ्तारी न होने के विरोध में बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि के लिए सड़क पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की।
कबरई सीएचसी में देवी-देवताओं के चित्रों वाले टाइल्स पर गंदगी होने के मामले में विहिप के जिला महामंत्री मयंक तिवारी ने नौ सितंबर को दो डॉक्टरों समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में हिंदू संगठनों ने पांच दिन पहले कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था।
शनिवार देर शाम बजरंग दल के जिला संयोजक विपिन भदौरिया के नेतृत्व में प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि के लिए हनुमान मंदिर के सामने सड़क पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। विवेक मिश्रा, अनमोल, प्रमोद, विभाग सह संयोजक पवन, प्रशांत समेत करीब 100 कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठने से आधा घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
विहिप के जिला महामंत्री ने कहा कि दूषित मानसिकता के डॉक्टरों और उन्हें संरक्षण दे रहे अधिकारियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। दोषी डॉक्टरों की शीघ्र गिरफ्तारी न हुई तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।