महोबा। अधिगृहीत भूमि के मुआवजे की मांग को लेकर गुरुवार को चार गांवों के किसानों ने सदर तहसील में धरना दिया। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इसमें शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री के समक्ष बकाया मुआवजे का मुद्दा उठाने की बात कही है।
अर्जुन सहायक परियोजना के लिए झिरसहेबा, गुगौरा, अलीपुरा व गंज गांव के किसानों की भूमि अधिगृहीत की गई थी। किसानों को अभी पूरा मुआवजा नहीं मिला है। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि परियोजना के तहत चारों गांवों का विस्थापन नहीं किया गया है। मकानों का मुआवजा नियमानुसार नहीं मिला। कुआं, मेड़बंदी व बोरवेल का मुआवजा मिला ही नहीं। भवन पैमाइश का लेखा-जोखा भी उपलब्ध नहीं कराया गया। समझौते के आधार पर मकानों की रजिस्ट्री कराकर किसानों से धोखा किया गया है।
किसानों ने समझौते प्रक्रिया को तत्काल रोकने, पुर्न व्यवस्थापन की दर में वृद्घि करने आदि मांग भी की है। ज्ञापन सौंपने वालों में मोनू सिंह, अनुपम त्रिपाठी, रणविजय सिंह, रामअवतार, ध्रूराम, संजय, मंशाराम, अरविंद, हरनाथ, ज्ञान, पंचम, अनिल, इंद्रापाल, विवेक, उदय, गजेंद्र आदि ग्रामीण मौजूद रहे।