महोबा। मझलवारा गांव में घर से लापता युवक का शव रविवार को गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पिता ने रंजिश में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
मझलवारा गांव निवासी जयहिंद (28) शनिवार को घर से लापता हो गया था। परिजनों ने गांव में खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। रविवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव के बाहर पेड़ पर उसका शव लटका देख परिजनों को सूचना दी।
मृतक के पिता बलराम का कहना है कि उसकी गांव में रंजिश चलती है। एक मुकदमा भी न्यायालय में चल रहा है। इसी खुन्नस के चलते विपक्षियों ने उसके पुत्र की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।