कार्यक्रम में कथक पेश करती कलाकार ।
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक कजली महोत्सव में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम की तीसरी शाम लोकगीत व कथक नृत्य के नाम रही। बाहर से आए कलाकारों ने सुर संगीत के साथ बुंदेली संस्कृति की अनूठी छाप छोड़ी। महोबा संरक्षण एवं विकास समिति के तत्वावधान में चल रहे कार्यक्रमों में रविवार की रात लोकगीत व कथक बैले डांस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का
शुंभारंभ जिला जज बांदा भूपेंद्र सहाय ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। इसके बाद सतना से आए गायक कलाकार विनोद मिश्रा ने ‘सबको दुश्मन बना लिया मैंने, आपसे दिल लगा लिया मैंने’ गीत गाया। गायक कलाकार रिचा पांडेय ने ‘दिल में एक लहर सी उठी है’ गीत पेश किया। अगली प्रस्तुति में कथक बैले डांस का आयोजन हुआ। कलाकार
प्रीति तिवारी सीतापुर ने शिव की वंदना स्तुति की। इसके बाद स्मृति मिश्रा कानपुर, साक्षी त्रिपाठी लखनऊ, अंकिता पांडेय लखनऊ व प्रीति सीतापुर ने ‘अपनी छवि बनाई के’ गीत पर शानदार नृत्य किया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में डीएम वीरेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एडीएम संतोष कुमार राय, सीओ धनंजय कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद रहे।