चित्रकूट के मदनदास ने आजमगढ़ के विकास को पछाड़ा
कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के निरंजन बाबा धाम में चल रहे तीन दिवसीय मेले में विशाल दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने दावपेंच दिखाए। चित्रकूट के मदनदास ने आजमगढ़ के विकास को पटकनी देकर कुश्ती जीती। विजेता पहलवानों को शील्ड व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
दंगल का शुभारंभ सदर विधायक राकेश गोस्वामी व मथुरा से आए संत श्रीभैया महाराज ने फीता काटकर किया। पहली कुश्ती छतरपुर के रामजी और घाटमपुर के मुकेश के बीच हुई। दस मिनट तक चली जोर-आजमाइश के बाद रामजी विजेता रहे। बांदा के राजू बाबा ने गौतमपुर के रामजी को हराया। धौहल के अजय सिंह ने अकबरपुर के शिवम को चित किया।
मसगांव के राजू पहलवान ने अकबरपुर के राजा को पछाड़ा।
हमीरपुर के रामबाबू ने फतेहपुर के राजेश को धूल चटाई। पन्ना के राहुल ने गोरखपुर के जावेद और बाराबंकी के सोनू ने फतेहपुर के राजेश पहलवान को हराया। इसके अलावा छह कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। दंगल में आयोजक केशव गुरुदेव, रामनारायण, विपिन गुरुदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, मूलचंद्र कुशवाहा, हुकुम सिंह, अनंतराम शुक्ला, शिवपाल तिवारी समेत सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।