संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शासन के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता ने सोमवार को शहर कोतवाली और कबरई थाना क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मानकों के विपरीत पाए गए लाउडस्पीकरों को हटवाया गया जबकि कुछ ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज कम कराई गई।
चेकिंग के दौरान एसपी ने धार्मिक स्थल पर धर्मगुरुओं को उच्च न्यायालय लखनऊ और प्रदेश सरकार के निर्देशों से अवगत कराते हुए ध्वनि नियंत्रण के प्रति जागरूक किया। बताया कि रात में 45 डेसीबल व दिन में 55 डेसीबल की सीमा ध्वनि प्रदूषण नियमावली में निर्धारित की गई है। इसको लेकर रविवार की रात और सोमवार को पूरे दिन शहर के अलावा सभी थाना क्षेत्रों में लाउडस्पीकरों की जांच की गई।
मानक के विपरीत लगे मिलने पर उन्हें हटाया गया। एसपी ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर लगे दो लाउडस्पीकरों को उतरवाया गया है जबकि पांच ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज कम कराकर मानक के अनुरूप कराई गई। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान लगातार जारी रहेगा।