महोबा। शहर के बंधानवार्ड स्थित काली माता मंदिर का ताला तोड़कर शनिवार की रात चोर चांदी के तीन मुकुट, दो छत्र और दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान का वजन करीब एक किलो व कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। रविवार सुबह मंदिर का ताला टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की।
मंदिर के पुजारी विपिन चौरसिया ने बताया कि वह रोज की तरह शनिवार रात पूजा-अर्चना व आरती के बाद मंदिर बंद करके पास में ही सो गए थे। रविवार की सुबह उठकर मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र और पायल गायब थे। सूचना मिलते ही सीओ रविकांत गोंड पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। पुजारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। चोरों की पहचान कर जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।