संवाद न्यूज एजेंसी कबरई (महोबा)। गरीबों व निराश्रितों को खाना खिलाने का बीड़ा उठाए नगर पंचायत कबरई के भाजपा चेयरमैन स्वयं लॉकडाउन के उल्लंघन में फंस गए। सोशल मीडिया में एक साथ कई लोगों के खाना खाते फोटो वायरल होने पर चेयरमैन व भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन के चलते गरीबों व श्रमिकों की मदद के लिए कबरई नगर पंचायत द्वारा नियमित खाना बनवाकर गरीब को खिलाया जा रहा है। नगर पंचायत चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह के साथ करीब एक दर्जन लोगों की फोटो एक साथ बैठकर खाना खाते सोशल मीडिया में वायरल हो गई। जिसमें लॉकडाउन के दौरान पार्टी मनाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इसे धारा 144 व लॉकडाउन का उल्लंघन पाया। थाने के एसआई राहुल की तहरीर पर थाना कबरई के भाजपा के नगर पंचायत चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष कबरई उमेश प्रताप सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया लॉकडाउन का उल्लंघन मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है। उधर नगर पंचायत चेयरमैन का कहना है कि किसी ने पुरानी फोटो सोशल मीडिया में अपलोड की है। यह फोटो लॉकडाउन के समय की नहीं है। वे लॉकडाउन का पूरा पालन कर रहे हैं और नगर के लोगों को भी लॉकडाउन का पालन करने को प्रेरित कर रहे हैं।