महोबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत पशु पालन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को शहर के नयापुरा बंधानवार्ड में पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। इस दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं बांटी गईं। पशुओं में लंपी रोग के प्रति भी जागरूक करते हुए टीकाकरण किया गया। चित्रकूट धाम मंडल बांदा के उपनिदेशक डॉ. गोविंद कुमार ने लंपी रोग की पहचान, लक्षण, संक्रमण से बचाव व आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी। कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा केंद्रों में संपर्क करें। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन सिंह, डॉ. अटल सिंह, डॉ. सुरेश पाल आदि मौजूद रहे। (संवाद)
अभियान में महिलाओं को बताए अधिकार
महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, गांव और कस्बा क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। भरोसा दिया कि किसी भी प्रकार की शिकायत, उत्पीड़न और आपात स्थिति में पुलिस की ओर से त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। महिलाओं को कानूनी अधिकार भी बताए। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 व मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं की जानकारी दी। (संवाद)