खून से खत लिखते बुंदेली समाज के संयोजक
- फोटो : AMAR UJALA
फोटो 07 एमएएचपी 03 परिचय-खून से खत लिखते बुंदेली समाज के संयोजक
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से खत लिखा और देश में तत्काल जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की मांग की। बुंदेली समाज के संयोजक ने शहर के ऐतिहासिक गोरखगिरि पहाड़ में स्थित शिवतांडव मंदिर परिसर में देश के प्रधानमंत्री को खून से खत लिखा। कहा कि इस समय देश के सामने सबसे बड़ी समस्या जनसंख्या नियंत्रण की है। इससे निपटने के लिए तत्काल सख्त कानून बनाने की जरूरत है। यदि इसमें देरी की गई तो देश के सामने भीषण संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर बनाने, जीएसटी और सीएए लागू करने में तत्परता दिखाई, वैसे ही अब कोरोना काल में जनसंख्या नियंत्रण के लिए गंभीर कदम उठाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री जिस आत्मनिर्भर भारत की बात कर रहे हैं, वो बगैर जनसंख्या नियंत्रण कानून लाए संभव नहीं। तारा पाटकर अपने सहयोगियों के साथ ऐतिहासिक अनशन करने के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक सात बार खून से खत लिख चुके हैं। इनमें चार बार बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर व दो बार बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को ठीक करने के लिए एम्स मेडिकल कॉलेज के लिए खत लिखे हैं। इस दौरान बुंदेली समाज के महामंत्री डॉ. अजय बरसैया, प्रशांत बुंदेलखंडी, ग्यासी लाल कोस्टा, सुरेश बुंदेलखंडी व मंगल मुनि मौजूद रहे।