- तहसील पहुंच एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द गिरफ्तारी की मांग
- तीन दिन पहले कचहरी से घर जा रहे अधिवक्ता पर हुआ था जानलेवा हमला
फोटो 03 एमएएचपी 10 परिचय-आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर तहसील जाते अधिवक्ता। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। कचहरी से घर जा रहे अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों की तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित अधिवक्ता शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता तहसील पहुंचे। जहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर हमले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी किए जाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए अधिवक्ता वृहद आंदोलन करेंगे।
बरातपहाड़ी गांव निवासी अधिवक्ता सतीश अवस्थी 30 जून की शाम बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में मुल्ला का खोड़ा के पास छह लोगों ने घेराबंदी कर पहले फायरिंग की और बाद में डंडा, सब्बल व पत्थरों से हमलाकर लहूलुहान कर दिया था। अधिवक्ता को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायल के भाई संजय की तहरीर पर पुलिस ने आकाश, विकास, अनीस, कैलाश, अजय और हनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। घटना के अगले दिन अधिवक्ताओं ने कचहरी के बाहर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग थी। तब सीओ रविकांत गोंड ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को पकड़े जाने का भरोसा देकर जाम खुलवा दिया था।
घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इससे नाराज अधिवक्ता शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। दोपहर बाद जिला अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष बालेंद्र पाराशर के नेतृत्व में महामंत्री राजेंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी, नीरज पाठक, रजनीश शुक्ला, उपेंद्र कुमार समेत एक सैकड़ा से अधिक वकीलों ने कचहरी से पैदल मार्च निकाला। वकील परमानंद चौक, पालीवाल मार्केट, आल्हा चौक होते हुए तहसील पहुंचे। इस दौरान वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बाद में एसडीएम शिवध्यान पांडेय को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की। एसडीएम ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।