कुलपहाड़ (महोबा)। साथी अधिवक्ता की हत्या से नाराज वकीलों ने सोमवार को तहसील कुलपहाड़ में प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी देर तक एसडीएम के ज्ञापन लेने न आने पर वकीलों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, बाद में एसडीएम के आने पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जिसमें घटना की निष्पक्ष जांच कराने और मुआवजा की मांग की।
जनपद जालौन के कालपी बार संगठन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का अपहरण कर हत्या किए जाने से वकील नाराज हैं। कुलपहाड़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बैठक कर मृतक अधिवक्ता को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया कि वकील एसडीएम, तहसीलदार और चकबंदी न्यायालय का बहिष्कार कर एक दिन न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके बाद अधिवक्ता ज्ञापन सौंपने के लिए एसडीएम आदेश सिंह सागर के कक्ष के बाहर पहुंचे। काफी देर तक एसडीएम के न आने पर वकीलों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
बाद में एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मृतक अधिवक्ता के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर बार अध्यक्ष लक्ष्मन सिंह यादव, महामंत्री बृजेंद्र द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष शाकिर खान, भारत सिंह, हरेंद्र पाल सिंह, नरेश रिछारिया, धर्मेंद्र यादव, सुनील कुशवाहा, भूपेंद्र चंदेल, सुरेंद्र श्रीवास्तव, सुनील कुशवाहा आदि मौजूद रहे।