महोबा/चरखारी/कुलपहाड़। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल सदस्य पद के लिए दो दिवसीय मतदान प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। महोबा में कचहरी में मतदान कराया गया। इस दौरान वकीलों में उत्साह दिखा। वहीं, कुलपहाड़ और चरखारी में भी सदस्य पद के लिए वोट डाले गए।
महोबा में 606 मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल सदस्य पद के लिए कराए गए मतदान में मंगलवार को महोबा में 165 अधिवक्ताओं ने मतदान किया जबकि दूसरे दिन बुधवार को 371 अधिवक्ताओं ने वोट डाले। बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में है। एक मतदाता 25 प्रत्याशियों को वरीयता के अनुसार मत दे सकता है। चरखारी संवाद के अनुसार उत्तर प्रदेश बार काउंसिल प्रयागराज के चुनाव में दो दिवसीय मतदान के दूसरे दिन चरखारी मुंशिफ कोर्ट में मतदान हुआ।
105 अधिवक्ताओं में से पहले दिन 50 अधिवक्ताओं व दूसरे दिन 55 अधिवक्ताओं ने अपने मत का उपयोग किया। उधर, कुलपहाड़ संवाद के अनुसार बार काउंसिल उत्तर प्रदेश के चुनाव में कुलपहाड़ में कुल 150 मतदाताओं में से 134 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।