महोबा। शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। राठ रोड पर जमीन की तलाश की जा रही है। ऐसे में इस स्थान पर ट्रांसपोर्ट से संबंधित कार्य होंगे और लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलेंगी।
फिलहाल शहर के परमानंद तिराहा-बाइपास रोड आदि स्थानों पर वाहनों से संबंधित मैकेनिकल काम होते हैं। ट्रांसपोर्ट आदि के कार्य भी इसी मार्ग पर होते हैं। ऐसे में सड़क किनारे वाहन खड़े होने से आवाजाही करने वालों को परेशानी होती है। पिछले दिनों आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान ट्रांसपोर्ट यूनियन की ओर से शहर में नए स्थान पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने की मांग की गई थी। जिस पर डीएम गजल भारद्वाज ने महोबा में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए निर्देश दिए थे। अब ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। शहर के राठ रोड पर जमीन खोजी जा रही है। जमीन की तलाश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की कवायद शुरू होगी। ट्रांसपोर्ट नगर बनने के बाद वहां ट्रकों से सामान उतारने व चढ़ाने में आसानी होगी। उधर, एआरटीओ दयाशंकर का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर के लिए शहर के राठ रोड पर जमीन की तलाश की जा रही है। पर्याप्त जमीन मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।