महोबा/चरखारी। कोतवाली चरखारी के सूपा गांव में बृहस्पतिवार की शाम बाइक की टक्कर से पैदल घर जा रहे श्रमिक की मौत हो गई। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, अन्य सड़क दुर्घटनाओंं में महिला समेत दस लोग घायल हुए हैं।
सूपा निवासी शिवकुमार पाल (48) मेहनत-मजदूरी करके परिवार चलाता था। शाम को वह जालौन निवासी साढ़ू नरेश के साथ घर जा रहा था। तभी बाइक चालक मुस्करा निवासी शिप्पू ने तेज गति से बाइक चलाते हुए शिवकुमार को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी चरखारी ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। उपचार दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, सूपा चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि मृतक के बेटे आशीष की तहरीर पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना की जांच की जा रही है।
वहीं, शहर के सुभाष नगर निवासी प्रदीप (32) रात को बाइक से कस्बा कबरई से घर आ रहा था। तभी किराड़ी फाटक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इसी तरह बीजानगर निवासी केशर, चरखारी निवासी ध्रुव, धवारी निवासी रामश्री, सुगिरा निवासी सुधा, कुरौराडांग निवासी हीरा, भरवारा निवासी कमलेश, चुरारी निवासी नीरज, सोहजना निवासी धीरेंद्र व बिलवई निवासी अनिल अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। जिला अस्पताल में ध्रुव, हीरा, प्रदीप और धीरेंद्र की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।