महोबा। लकवुशनगर-रगौली मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में ससुराल से घर लौट रहे श्रमिक की मौत हो गई। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल है। वहीं अन्य सड़क हादसों में दंपती समेत सात लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जनपद छतरपुर के रगौली गांव निवासी रामप्यारे उर्फ हल्के कुशवाहा (45) मजदूरी करता था। रात को वह बाइक से ससुराल ढिकपुरा से घर लौट रहा था। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में हल्के गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर परिजन उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाने लगे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। भाई नंदकिशोर ने बताया कि रामप्यारे ससुराल से घर लौट रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। घटना से पत्नी विनिया, बेटे धनप्रसाद, बेटी खुशबू और ललिता रो-रोकर बेहाल है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है।
वहीं थाना अजनर के सगुनिया गांव निवासी सुरेंद्र (27) बुधवार की रात बाइक से पत्नी गुड़िया (25) के साथ घर जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इसी तरह भगतसिंह नगर निवासी कल्लू, गोविंदनगर निवासी ओमप्रकाश, टिकरिया निवासी देवेंद्र, बम्हौरी निवासी रमेश व रामनगर निवासी महेश अन्य हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से कल्लू को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।