महोबा/बेलाताल। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद का स्थापना दिवस समारोह राजधानी लखनऊ में आयोजित हुआ। इस दौरान जनपद महोबा के केवीके बेलाताल को उत्कृष्ट कृषि विज्ञान केंद्र का सम्मान मिला। साथ ही केवीके की ओर कृषि क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्य की सराहना की गई।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर कृषि वैज्ञानिक सम्मान समारोह व संगोष्ठी हुई। इस दौरान उन्नत बीजों, आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक शोध के माध्यम से खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल को कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, नवीन कृषि तकनीक के प्रचार-प्रसार, किसानों के क्षमता विकास, कृषि उत्पादकता व कृषक आय में वृद्धि के लिए उत्कृष्ट कृषि विज्ञान केंद्र सम्मान मिला। यह सम्मान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष आचार्य श्याम बिहारी, कैप्टन विकास गुप्ता आदि ने कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के प्रभारी रजनीश मिश्रा को सौंपा। इस मौके पर कुलपति प्रो. एसवीएस राजू, निदेशक प्रसार डॉ. एनके वाजपेयी आदि मौजूद रहे।