कबरई (महोबा)। पत्थर मंडी कबरई में गिरोह बनाकर अवैध परिवहन कराने वाले लोकेटरों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। कबरई पुलिस ने 70 दिन से फरार चल रहे एक लोकेटर के घर सीजेएम कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की और सामान जब्त कर लिया।
डीएम सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर अवैध परिवहन कराने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। 29 नवंबर को अवैध परिवहन कराने वाले लोकेटरों ने खनिज व पुलिस टीम से जबरन ट्रक छुड़वा लिया था। इस मामले में आठ लोकेटरों समेत 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि राजेश सिंह पुत्र गोली सिंह निवासी किदवई नगर कबरई फरार चल रहा था। सोमवार को न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीन जनवरी तक कोर्ट में हाजिर होने के लिए आरोपी के घर के दरवाजे पर नोटिस भी चस्पा कराया था। आरोपी के हाजिर न होने पर पुलिस ने जेसीबी से मकान का गेट तोड़ते हुए कुर्की की कार्रवाई की। थाना प्रभारी दीपक पांडेय ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी है।