महोबा। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण बढ़ने पर प्रदेश में लॉकडाउन के चलते व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सपा व्यापार सभा आगे आई है। शनिवार को व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष ने नौ सूत्री समस्याओं को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। जिसमें प्रदेश के सभी दुकानदारों के अप्रैल व मई माह के बिजली बिल माफ करने की मांग की है।
सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग के निर्देश पर व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संतोष साहू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कोरोना काल में लोगों को राहत व सुविधाएं देने की मांग की है। उन्होंने उद्योगों की कामर्शियल बिजली मीटर पर फिक्स दर के स्थान पर असल में हुई बिजली खपत का ही बिल वसूले जाने, जीएसटी, मंडी शुल्क व पंजीकृत व्यापारियों को मुफ्त मेडिकल बीमा की सुविधा उपलब्ध कराए जाने, दुकान खुली मिलने पर पुलिस द्वारा व्यापारियों से अमानवीय व्यवहार न किए जाने, सभी विभागों के रिटर्न दाखिल करने की अवधि बढ़ाए जाने और एनपीए की अवधि 90 दिन के स्थान पर 180 दिन किए जाने की मांग की है। ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके।