कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की देर रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। साथ ही चार लोग घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से झांसी रेफर किया गया।
जनपद बांदा निवासी सुनील (27) पुत्र धनीराम शनिवार की रात कार से अपने साथी विक्की (23) पुत्र प्रीतम प्रसाद, अरुण (32) पुत्र रामगोपाल, मनीष (28) पुत्र रमाशंकर निवासीगण बांदा के साथ रात में रिश्तेदार विवेक (23) पुत्र फूलचंद्र निवासी कुलकुआं पहुंचा। उसके बाद उसे साथ लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए निकल पड़े ।
कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार सामने से आ रहे जानवर से टकराकर असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां विवेक की रास्ते में ही मौत हो गई। डॉक्टरों ने सुनील, विक्की, अरुण व मनीष को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन सुनील को कानपुर ले गए। पनवाड़ी में झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महुआ गांव निवासी सुजीत (22) पुत्र सुंदर यादव शनिवार की रात को पनवाड़ी से अपने गांव वापस जा रहा था। तभी महुआ मोड़ के पास बाइक सवार ने पीछे से बैलगाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के कुछ देर बाद बैल भी मर गया।
शहर में महेंद्रा एजेंसी के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। मोहल्ला छजमनपुरा निवासी शिवम (20) पुत्र सुशील अपने साथी डाक बंगला निवासी कौशिक (40) पुत्र राहुल अग्रवाल के साथ बाइक से कबरई की तरफ जा रहा था।
एजेंसी के पास मुख्यालय निवासी शेखर (20) पुत्र वंशी अपने साथी जयदेव (25) पुत्र दुर्जन के साथ बाइक में सवार होकर शहर की तरफ आ रहे थे। तभी देानों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।