विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी देते अतिथि
- फोटो : MAHOBA
खरेला (महोबा)। काशी प्रसाद इंटर कॉलेज खेल मैदान में रविवार को खेले गए किकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में खरेला ने बसवारी को 40 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शानदार बल्लेबाजी करने वाले खरेला के अनुज कुमार को मैन ऑफ द मैच और संदीप को सीरीज का खिताब देकर पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 11 हजार और उपविजेता को 5,100 रुपये व ट्राफी प्रदान की।
काशी प्रसाद इंटर कॉलेज मैदान में एक सप्ताह से चल रही क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को समापन हो गया। खरेला और बसवारी टीम के बीच फाइनल में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फाइनल मैच का टॉस बसवारी के कप्तान अनिल यादव ने जीतकर खरेला टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। खरेला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 159 रन बनाकर बसवारी को 160 रनों का लक्ष्य दिया। खरेला टीम की ओर से बल्लेबाज कुलदीप सचान ने सर्वाधिक 33 रन, अनुज कुमार ने 30 और शैलेंद्र प्रताप सिंह ने 27 रन का योगदान दिया। बसवारी की ओर से मयंक ने सर्वाधिक तीन विकेट व प्रदीप, भूपेंद्र और महेंद्र ने दो-दो विकेट हासिल किए।
160 रन के लक्ष्य का सामना करने उतरी बसवारी टीम की शुरुआत ठीक रही लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह से गड़बड़ा गया। खरेला टीम के गेंदबाज विशाल सेंगर द्वारा हैट्रिक लगाकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। बसवारी टीम 15.5 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई। बसवारी टीम की ओर से संदीप कुमार 31, संजय 23 व भूपेंद्र ने 30 रनों का योगदान दिया। मुख्य अतिथि सत्येंद्र सिंह एडवोकेट और युवा संघ स्वामी विवेकानंद के संस्थापक अनुपम सिंह ने विजेता उपविजेता टीम और प्रत्येक खिलाड़ी को सम्मानित किया। फाइनल मैच के अंपायर मंगल सिंह, रिंकू सिंह व तीसरे अंपायर के रूप में राजेंद्र विश्वकर्मा रहे।