महोबा। रेलवे स्टेशन झांसी के प्लेटफार्म नंबर तीन की पटरियों पर 25 नवंबर से आठ जनवरी तक कराए जाने वाले काम के चलते रेलवे ने ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया है। ऐसे में खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 26 नवंबर से नौ जनवरी तक आगरा कैंट से शुरू होगी और उदयपुर तक चलेगी। जिसके चलते यह ट्रेन महोबा स्टेशन पर नहीं आएगी।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर वॉशेबल एप्रन को हटाकर नई गिट्टीरहित पटरी बिछाने का काम किया जाएगा। इस काम की वजह से 25 नवंबर से आठ जनवरी 2026 तक झांसी से गुजरने वाली कई ट्रेनें निरस्त की गईं हैं तो कुछ का मार्ग परिवर्तन किया गया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनल-अयोध्या कैंट 25 नवंबर से छह जनवरी तक अपने बदले हुए मार्ग ललितपुर-खजुराहो-महोबा से चलेगी। वापसी में अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनल 26 नवंबर से एक जनवरी तक अपने बदले हुए मार्ग महोबा-खजुराहो-ललितपुर से चलेगी।