महोबा। बार एसोसिएशन महोबा का चुनाव शुक्रवार को गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। जिसमें केसर दास राजपूत ने 46 मतों से अपने प्रतिद्वंदी को हराकर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। वहीं मुन्नालाल धुरिया महामंत्री और कुलदीप कुशवाहा कोषाध्यक्ष पद पर विजयी हुए।
निर्वाचान अधिकारी कामता शरण श्रीवास्तव की देखरेख में सुबह दस बजे से अधिवक्ता हाल में मतदान शुरु हुआ। अपराहन चार बजे तक 397 अधिवक्ता मतदाताओं में से 377 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चार बजे के बाद शुरु हुई मतगणना के बाद केसर दास राजपूत ने 161 मत पाकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया जबकि शिवकुमार सक्सेना 115 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। इंद्रपाल यादव को 79 और इशरत अली को 22 मतों पर संतोष करना पड़ा।
महामंत्री पद पर मुन्नालाल धुरिया ने 171 मत पाकर अपने प्रतिद्वंदी संदीप मिश्रा को 31 मतों से हरा दिया। इसी तरह कोषाध्यक्ष पर कुलदीप कुशवाहा ने 204 मत पाकर अनिल खरे को 37 मतों से हराया जबकि अनिल खरे ने 167 मत पाए। विजयी प्रत्याशियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। अध्यक्ष महामंत्री ने पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के आवास पर जाकर आर्शीवाद लिया। पूर्व सांसद ने सभी का मुंह मीठा कराकर उन्हें जीत की मुबारकबाद दी। उधर पूर्व राज्यमंत्री ध्रूराम चौधरी ने तीनों विजयी प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई।