महोबा। कर-करेत्तर की मासिक समीक्षा बैठक में लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली न होने पर डीएम सत्येंद्र कुमार ने नाराजगी जताई। उन्होंने कम वसूली वाले विभागों को शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए। नगर निकायों की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी चरखारी और खरेला की सुस्त कार्य प्रणाली व लापरवाही को देखते हुए डीएम ने दोनों अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश एडीएम आरएस वर्मा को दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने स्टांप, आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, वन, सिंचाई, खनिज, पीडब्ल्यूडी, नगर निकाय, मंडी, बचत, विद्युत आदि विभागों की समीक्षा में पाया कि आबकारी, मंडी व जिला पंचायत के लक्ष्य पूर्ण हैं, जबकि अन्य विभागों का लक्ष्य पूरा नहीं मिला। उन्होंने व्यापार कर विभाग को निर्देश दिए कि प्रवर्तन की कार्रवाई कर टैक्स की चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। जीएसटी में ज्यादा से ज्यादा व्यापारियों को जोड़ा जाए।
बैठक में डीएम ने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को प्रवर्तन की कार्रवाई कर फर्जी बिल वाली गाडियों को पकड़कर गाड़ी सीज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि विद्युत के बड़े और पुराने बकाएदारों पर कार्रवाई करते हुए उनके विद्युत संयोजन विच्छेदित करें व आरसी काटकर वसूली कराएं। इस मौके पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी अतुल कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन संतोष कुमार वर्मा व विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे।